एशियन गेम्स
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। मंगलवार को खेले गए महिला टी20 क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर गोल्ड मेडल जीता। इस जीत के साथ मौजूदा एशियन गेम्स में भारत के खाते में पहला स्वर्ण पदक भी जुड़ गया।
फाइनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। स्मृति मंधाना ने 45 गेंदों में 79 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में सात छक्के और पांच चौके लगाए। वहीं शेफाली वर्मा ने 29 गेंदों में 48 रन बनाए। पारी के अंत में ऋचा घोष ने तूफानी अंदाज दिखाते हुए महज 22 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
इन शानदार पारियों की बदौलत भारतीय टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 15.4 ओवर में महज 69 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट लिए, जबकि शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी को दो-दो विकेट मिले।
श्रीलंका की ओर से कप्तान चमारी अटापट्टू ने 29 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सके। हार के साथ श्रीलंका को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
वहीं ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में पाकिस्तान की महिला टीम ने बांग्लादेश को 31 रन से हराकर कांस्य पदक जीता। पाकिस्तान ने 145 रन का लक्ष्य दिया और बांग्लादेश को 114 रन पर रोक दिया।
भारतीय महिला टीम के गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारत की कुल मेडल संख्या सात हो गई है। इसमें एक गोल्ड, चार सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। इस जीत के साथ भारत मेडल टैली में 18वें स्थान से 8वें स्थान पर पहुंच गया भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस शानदार जीत ने एशियन गेम्स में भारत के अभियान को एक नई मजबूती दी है।

