किच्छा : उत्तराखंड के किच्छा क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां पति ने ही अपनी पत्नी के भरोसे को तोड़ते हुए अपने भाई के साथ मिलकर घिनौना अपराध किया।
पुलभट्टा थाना क्षेत्र की पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पहले उसके देवर ने नशे की हालत में उसके साथ छेड़छाड़ की। किसी तरह वह खुद को बचाकर कमरे से बाहर निकली और पूरी घटना अपने पति को फोन पर बताई।
महिला के अनुसार, अगले दिन पति घर लौटा और अपने भाई के साथ बैठकर शराब पीने लगा। इसी दौरान उसने पत्नी को जूस में मिलाकर शराब पिला दी। जब वह नशे में हो गई तो पति और देवर ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने जब यह बात अपने मायके वालों को बताई और ससुराल पक्ष से शिकायत की, तो आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपित पति, देवर और सास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

