पिथौरागढ़ : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी खुद ही पुलिस चौकी पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
मामला कनालीछीना विकासखंड के नेपाल सीमा से लगे द्वालीसेरा गांव का है। जानकारी के अनुसार भुवन प्रसाद और उसकी पत्नी गीता देवी (36) के बीच बुधवार रात किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि भुवन प्रसाद ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से गीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी सीधे पुलिस चौकी पहुंच गया…जहां पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर को सील कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी शराब के नशे में था और मजदूरी का काम करता है जबकि मृतका गीता देवी आशा कार्यकर्ता थीं। दंपती के चार बच्चे हैं…जिनमें से दो की शादी हो चुकी है।
घटना के वक्त परिवार के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे…जिससे पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में शराब के नशे में विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है।
