हेलिकॉप्टर
उत्तराखंड के टिहरी जिले में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा एक हेलिकॉप्टर तकनीकी समस्या के चलते खेतों में इमरजेंसी लैंडिंग करने को मजबूर हो गया। चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान भर रहे ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के हेलिकॉप्टर का हाईटेंशन विद्युत लाइन से संपर्क हो गया, जिससे उसके पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा। हालांकि पायलट की सूझबूझ से हेलिकॉप्टर की सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में सुरक्षित लैंडिंग करा दी गई।
हेलिकॉप्टर में पायलट सहित कुल छह यात्री सवार थे, जो बदरीनाथ धाम के दर्शन कर वापस देहरादून लौट रहे थे। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा एवं राहत कार्य शुरू किया गया। क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर आसपास के लोगों को सतर्क किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज हवाओं और तकनीकी समस्या के कारण हेलिकॉप्टर को आपात स्थिति में उतारना पड़ा।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी तरह की भ्रामक या अपुष्ट जानकारी साझा न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
घटना के बाद चारधाम यात्रा के दौरान हेली सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल तकनीकी और एविएशन एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

