रुड़की : उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला द्वारा नाबालिग बच्ची के अपहरण का खुलासा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया है और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल को कलियर क्षेत्र से एक महिला नाबालिग बच्ची को अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गई थी। इस मामले में पुलिस ने लखनऊ निवासी आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला कुछ दिन पहले ही लखनऊ से कलियर में रहने आई थी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु से आरोपी को गिरफ्तार किया और बच्ची को सकुशल बरामद किया।
एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल के अनुसार, आरोपी महिला बच्ची को कपड़े दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गई थी। इसके बाद उसे दिल्ली और अन्य स्थानों पर घुमाया गया। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि बच्ची से भीख मंगवाई गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला बच्ची को श्रीलंका ले जाने की फिराक में थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी बच्ची को बेचने की योजना बना रही थी या किसी अन्य गलत गतिविधि में शामिल थी।
