देहरादून : तेजी से फैलते शहर और बढ़ते दबाव के बीच देहरादून को व्यवस्थित और संतुलित तरीके से विकसित करने के लिए बड़ा मास्टर प्लान तैयार किया गया है। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने 968 करोड़ रुपये के विकास खाके को मंजूरी दे दी है।
एमडीडीए की 113वीं बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट पास करते हुए 48 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इसमें शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर, हरियाली, पर्यटन और निर्माण गतिविधियों को संतुलित ढंग से आगे बढ़ाने की योजना शामिल है।
बैठक में साफ किया गया कि अब देहरादून का विकास केवल विस्तार नहीं…बल्कि प्लानिंग के साथ होगा। बढ़ती आबादी और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर खास फोकस किया गया है।
योजना के तहत होटल, ईको-रिजॉर्ट और व्यावसायिक निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। वहीं, अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए नियमों को और सख्त किया गया है, जिससे नक्शा पास कराने की प्रक्रिया भी पारदर्शी बनेगी।
शहर में घटती हरियाली को लेकर भी विशेष रणनीति बनाई गई है। नए पार्क, वृक्षारोपण और ग्रीन बेल्ट विकसित करने पर जोर दिया जाएगा…जिससे बढ़ते तापमान और प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सके।
इसके साथ ही हरित क्षेत्रों के रखरखाव के लिए नई मशीनरी खरीदने का भी निर्णय लिया गया है…ताकि शहर की सुंदरता और पर्यावरण दोनों को बेहतर बनाया जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि इस बजट का सीधा फायदा शहर के लोगों को मिलेगा। इससे न सिर्फ बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी…बल्कि पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

