देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर प्रशासनिक कार्यों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की हकीकत जानने के लिए मुख्यमंत्री खुद ही मौके पर पहुंच गए और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
राजपुर आपरोड के जाखन क्षेत्र में फुटपाथ से जुड़ी शिकायत सामने आई थी…जिसमें स्थानीय निवासी विवेक मदान ने बताया था कि अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने के दौरान फुटपाथ को नुकसान पहुंचा है। काम के बाद सही तरीके से मरम्मत नहीं होने के कारण टाइल्स धंस गई हैं…जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने समीक्षा बैठक से पहले ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने शिकायतकर्ता को साथ लेकर मोबाइल के जरिए अधिकारियों को वीडियो कॉल पर पूरी स्थिति दिखाई और लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई।
सीएम ने साफ कहा कि विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जहां अंडरग्राउंड लाइन डाली गई है, वहां ऊपर तार नजर नहीं आने चाहिए…क्योंकि इससे लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि बिना प्लानिंग के बार-बार काम करने से जनता को परेशानी होती है और सरकारी धन की भी बर्बादी होती है। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्धन को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में इस तरह की शिकायतों की जांच कर अभियान चलाकर समाधान किया जाए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में भी वे इसी तरह औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत परखते रहेंगे…ताकि शासन-प्रशासन की कार्यशैली में सुधार लाया जा सके।
