देहरादून: उत्तराखंड वन विकास निगम के 25 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री आवास में भव्य राज्य जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया, जिसमें वन मंत्री सुबोध उनियाल समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर निगम की उपलब्धियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई और Himkaashth नामक डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया गया। यह प्लेटफॉर्म लकड़ी की ई-नीलामी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वन विकास निगम ने पिछले 25 वर्षों में सतत वन प्रबंधन और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने डिजिटल तकनीकों को अपनाने को सराहते हुए इसे अन्य संस्थाओं के लिए उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। साथ ही मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि निगम ने रोजगार सृजन और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने में अहम योगदान दिया है और भविष्य में इको-टूरिज्म और कृषि वानिकी को बढ़ावा दिया जाएगा।
निगम के आंकड़ों के अनुसार, उत्पादन और राजस्व दोनों में लगातार वृद्धि हुई है…जिससे यह संस्था राज्य की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बनकर उभरी है।

