पिथौरागढ़ : जिले में एक बड़ा मामला सामने आया है…जहां जिला न्यायालय के आदेश पर पूर्व एसपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई के बाद पूर्व पुलिस अधिकारी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
कोतवाली पिथौरागढ़ में दर्ज इस मामले में तत्कालीन एसपी लोकेश्वर सिंह पर मारपीट समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। यह कार्रवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद की गई है।
मामले की शुरुआत व्यापारी लक्ष्मी दत्त जोशी की शिकायत से हुई। उन्होंने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि 6 फरवरी 2023 को वह अपनी बेटी के साथ एसपी कार्यालय गए थे जहां उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
व्यापारी का आरोप है कि उन्हें निर्वस्त्र कर पीटा गया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। मेडिकल रिपोर्ट में चोटों की पुष्टि भी हुई थी। इसके बावजूद जब उन्होंने कोतवाली में शिकायत की…तो मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
इसके बाद मामला अदालत पहुंचा…जहां मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सुनवाई के बाद पुलिस को तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। अदालत के आदेश के अनुसार धारा 323, 342, 355, 504, 506, 392 और 120बी के तहत केस दर्ज किया गया है।
कोतवाली पुलिस ने पुष्टि की है कि न्यायालय के आदेश के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि इस मामले में पहले भी राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण ने सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की थी।

