नितिन नवीन
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के 28 मई को होने वाले उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा पूरी तरह तैयारियों में जुट गई है। पार्टी संगठन ने उनके स्वागत को भव्य और पारंपरिक बनाने की तैयारी की है। देहरादून से लेकर विभिन्न स्थानों तक 25 से अधिक जगहों पर कार्यकर्ता पारंपरिक अंदाज में राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यक्रम प्रमुखों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में तय किया गया कि नितिन नवीन का स्वागत पूरी सादगी, उत्साह और उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप किया जाएगा।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष 28 मई को शाम 4 बजकर 35 मिनट पर देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे, जहां कोर कमेटी और मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे।
29 मई को उनके कार्यक्रमों की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के साथ होगी। इसके बाद वे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। राजपुर रोड स्थित होटल में सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और विभिन्न मोर्चों के नेताओं के साथ कई अहम बैठकें आयोजित होंगी।
दोपहर बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नगर निगम मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत प्रतिनिधियों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ संगठनात्मक चर्चा करेंगे। इसके अलावा मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी टीम के साथ भी बैठक प्रस्तावित है।
दौरे के अंतिम दिन नितिन नवीन टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद वे शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी और मुख्यमंत्री आवास में होने वाले युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। भाजपा संगठन इस दौरे को आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

