उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। वहीं 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में 25 से 28 सितंबर के बीच बर्फबारी भी हो सकती है।
25 सितंबर को कुमाऊं मंडल के जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 26 से 28 सितंबर तक प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। इन दिनों ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारों का अनुमान है।
29 सितंबर को पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। 30 सितंबर को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है। 1 अक्टूबर को देहरादून उत्तरकाशी रुद्रप्रयाग चमोली बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बारिश के दौरान भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाओं को लेकर भी सतर्क किया है। संवेदनशील पहाड़ी इलाकों में सड़कें और राजमार्ग प्रभावित हो सकते हैं। तेज बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने के साथ ही कुछ स्थानों पर जलभराव और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है।
बिजली गिरने और खराब मौसम के कारण यात्रा और हवाई सेवाएं भी प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। पहाड़ों में कम दृश्यता और फिसलन के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों नदी नालों और भूस्खलन संभावित स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को मौसम का अपडेट देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। प्रशासन को भी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

