उत्तराखंड ने सोमवार को अपना 26वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर चमोली के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा परिसर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद आंदोलनकारियों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी 13 महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं, आशा कार्यकत्रियों तथा भोजन माताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से बढ़ोतरी की जाएगी। अतिथि शिक्षकों का मानदेय भी जल्द बढ़ाया जाएगा। वहीं, राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित की जाएगी। यह समिति आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण में छूट, दोहरी पेंशन और आश्रितों को प्रमाणपत्र देने जैसे विषयों पर सुझाव देगी।
महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए धामी ने बताया कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। अब उन्हें कारोबार बढ़ाने और स्वरोजगार के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा वन्यजीवों के हमले में घायल लोगों को प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे उपचार के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले के नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और वाचनालय स्थापित करने की घोषणा की। बिजली की बेहतर सुविधा के लिए अन्य माध्यमों से बिजली प्राप्त कर रहे राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ा जाएगा। छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं के विलंबित भुगतान पर लगने वाला सरचार्ज भी माफ किया जाएगा। वहीं, प्रदेश में निवेश करने के इच्छुक प्रवासियों के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया सरल बनाने की बात कही गई।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड के डीएनए में हार नहीं है। प्रदेश ने चुनौतियों के बावजूद विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने रेल, हवाई और रोपवे कनेक्टिविटी के विस्तार का जिक्र करते हुए बताया कि रेल लाइन का 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। स्वास्थ्य सुविधाओं और नए मेडिकल कॉलेजों के विकास को भी सरकार की प्राथमिकताओं में बताया।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक है।

