पिथौरागढ़ के मड़े गांव से बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां एक ही दिन में मां और उसके 14 वर्षीय बेटे की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। शनिवार सुबह कक्षा नौ में पढ़ने वाला जतिन जोशी रोज की तरह दौड़ लगाने के लिए घर से निकला था। झौलखेत मैदान से लौटते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया।
पीछे से दौड़ रहे अन्य बच्चों ने जतिन को गिरा देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। मां पूनम जोशी उसे तत्काल टैक्सी से जिला अस्पताल लेकर पहुंचीं। अस्पताल में डॉक्टरों ने जतिन को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
परिजनों के मुताबिक, जतिन की मौत के बाद उसकी मां पूनम बेहद सदमे में थीं। अस्पताल से निकलने के बाद वह टैक्सी से गंगोलीहाट की ओर चली गईं। घाट क्षेत्र में उन्होंने अपनी जान दे दी। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि परिवार पहले भी एक बड़े दुख से गुजर चुका था। करीब दो साल पहले पूनम की बड़ी बेटी की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। अब इकलौते बेटे जतिन की मौत के बाद परिवार पर एक और बड़ा संकट टूट पड़ा।
पूनम के पति कैलाश चंद्र जोशी असम राइफल्स में तैनात हैं और वर्तमान में त्रिपुरा में ड्यूटी पर हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार और गांव में शोक की स्थिति है। पति के पहुंचने के बाद मां और बेटे का अंतिम संस्कार किए जाने की बात सामने आई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। एक ही दिन में मां और बेटे की मौत ने मड़े गांव समेत पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।

