उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 का भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए प्रदेश के अलग-अलग विभागों में कुल 67 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती में डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक, जिला कमांडेंट होमगार्ड, वित्त अधिकारी और कोषाधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के मुताबिक सबसे ज्यादा 14 पद पुलिस उपाधीक्षक के हैं। वहीं डिप्टी कलेक्टर के 10 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा जिला कमांडेंट होमगार्ड के 2, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 4 और सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा के 8 पदों पर भर्ती होगी।
भर्ती में सहायक आयुक्त राज्य कर का 1 पद, सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1 का 1 पद और उद्यान विकास अधिकारी श्रेणी-2 का 1 पद शामिल है। विद्यालयी शिक्षा विभाग में उप शिक्षा अधिकारी, स्टाफ ऑफिसर और विधि अधिकारी का 1 पद भी भर्ती के दायरे में है।
इसके साथ ही सहायक श्रम आयुक्त का 1 पद, संस्कृत शिक्षा विभाग में सहायक निदेशक/उपसचिव के 4 पद, सहायक निदेशक कारखाना/बॉयलर के 2 पद और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के 5 पद निर्धारित किए गए हैं। राज्य कर अधिकारी के 5 और महिला कल्याण विभाग में केस वर्कर के 3 पद भी शामिल हैं।
कुल 67 पदों में 37 पद सामान्य वर्ग, 13 अनुसूचित जाति, 11 अन्य पिछड़ा वर्ग और 6 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं। विभिन्न पदों पर उत्तराखंड महिला और क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान भी लागू रहेगा।
इच्छुक अभ्यर्थी 29 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी 29 सितंबर ही निर्धारित की गई है। शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों को अंतिम तारीख का इंतजार न करने की सलाह दी है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 7 से 16 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन में संशोधन या बदलाव का मौका दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और परीक्षा से जुड़ी सभी शर्तों को ध्यानपूर्वक जरूर पढ़ लें।

