मौसम विभाग
उत्तराखंड में अगले सात दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने 10 से 16 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 सितंबर को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में बिजली चमकने और गरज के साथ तेज से अति तेज बारिश के दौर आने की संभावना है।
11 सितंबर को भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। इस दिन देहरादून, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।
12 सितंबर को देहरादून, बागेश्वर और उत्तरकाशी जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं बारिश के तेज से बहुत तेज दौर देखने को मिल सकते हैं।
13 सितंबर को पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दिन प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज से बहुत तेज बारिश और बिजली चमकने की भी संभावना है। इस दिन भी येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने 15 और 16 सितंबर के लिए भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। दोनों दिनों में प्रदेश के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान बादलों की गर्जना और बिजली चमकने की संभावना भी बनी रहेगी।
लगातार बारिश को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम की जानकारी लेते रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

