नितिन नवीन
हल्द्वानी में भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा मंथन हुआ। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई बड़े नेता शामिल हुए। दोपहर तीन बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी हल्द्वानी पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया।
बैठक की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी और जिलों के अध्यक्ष-महामंत्रियों ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद संगठन और आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई।
कार्यसमिति में दो महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। पहला प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यकाल तथा उनकी उपलब्धियों को लेकर रहा। वहीं दूसरे प्रस्ताव में हल्द्वानी के शुद्धिकरण विवाद को लेकर कांग्रेस के रुख की निंदा की गई।
बैठक में भाजपा ने 2027 के चुनाव को लेकर अपनी रणनीति भी स्पष्ट की। पार्टी ने कहा कि विकास, विरासत और संरक्षण के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार करने पर जोर दिया गया।
भाजपा नेताओं के मुताबिक मौजूदा मंत्रियों और विधायकों के कामकाज का फीडबैक भी संगठन स्तर पर लिया जा रहा है। इसमें क्षेत्र में सक्रियता, जनता और कार्यकर्ताओं से संपर्क, बूथ प्रबंधन और सरकार की योजनाओं के धरातल तक पहुंचने जैसे मुद्दे शामिल हैं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी की बूथ तक की रणनीति तैयार है और 2027 में पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ा जाएगा। वहीं गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने भी भाजपा की जीत का दावा किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा विकास के रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता के बीच जाएगी। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा उत्तराखंड में तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

