दून पुलिस
देहरादून पुलिस महकमे में देर रात बड़ा फेरबदल किया गया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने 53 इंस्पेक्टर और दरोगाओं के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में शहर से लेकर देहात तक कुल 11 थानेदार बदले गए हैं। इसके अलावा एक दर्जन से ज्यादा चौकी प्रभारियों को भी नई जिम्मेदारी दी गई है।
तबादला सूची के मुताबिक इंस्पेक्टर विनोद गुसाईं को पटेलनगर से हटाकर डालनवाला का एसएचओ बनाया गया है। वहीं पटेलनगर थाने की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर नरेश राठौर को दी गई है। इंस्पेक्टर संतोष कुंवर को कैंट एसएचओ, नरेंद्र गहलावत को मसूरी एसएचओ और देवेंद्र चौहान को नेहरू कॉलोनी एसएचओ बनाया गया है। प्रदीप रावत को शिकायत प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है।
क्लेमेंटटाउन के एसओ मोहन सिंह का तबादला कर उन्हें रायवाला एसओ की जिम्मेदारी दी गई है। उनके स्थान पर लोकपाल परमार क्लेमेंटटाउन का प्रभार संभालेंगे। वहीं एसआई गिरीश नेगी को प्रेमनगर, शैंकी कुमार को सेलाकुई, मनोज नौटियाल को सहसपुर और अमित कुमार शर्मा को वसंत विहार का एसओ बनाया गया है।
इसके अलावा कई चौकी प्रभारियों और एसआई स्तर के अधिकारियों को भी इधर से उधर किया गया है। झाझरा, सभावाला, कुठालगेट, बाजार पटेलनगर, आईएसबीटी ऋषिकेश, जाखन, कुल्हान, हर्रावाला और पंडितवाड़ी समेत कई चौकियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
एसएसपी के इस बड़े फेरबदल के बाद अब नई तैनाती वाले अधिकारियों के सामने कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर लगाम लगाने की चुनौती होगी। माना जा रहा है कि पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है।

