उत्तराखंड की उन महिलाओं और बेटियों का इंतजार अब खत्म हो गया है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर राज्य का नाम रोशन किया है। राज्य सरकार ने वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए 13 महिलाओं के नामों की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आठ अगस्त को हरिद्वार बाईपास स्थित संस्कृति विभाग के सभागार में आयोजित समारोह में इन सभी चयनित महिलाओं को सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही राज्य की 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
तीलू रौतेली पुरस्कार उत्तराखंड सरकार का महिला सम्मान के क्षेत्र में सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार माना जाता है। यह सम्मान वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती के अवसर पर उन महिलाओं और किशोरियों को दिया जाता है जिन्होंने खेल, समाज सेवा, शिक्षा, संस्कृति, पर्यावरण, कला, संगीत और महिला सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। वर्ष 2006 से शुरू हुई इस परंपरा ने प्रदेश की कई प्रेरणादायक महिलाओं को पहचान दिलाई है।
इस वर्ष पुरस्कार के लिए प्रदेशभर से कुल 217 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें अल्मोड़ा से 21, बागेश्वर से 8, चमोली और चंपावत से 12-12, देहरादून से 23, हरिद्वार से 22, नैनीताल से 29, पौड़ी से 8, पिथौरागढ़ से 13, रुद्रप्रयाग से 11, टिहरी से 13, ऊधम सिंह नगर से 11 और उत्तरकाशी से 24 आवेदन शामिल थे। गहन मूल्यांकन के बाद 13 महिलाओं का चयन किया गया।
इन्हें मिलेगा तीलू रौतेली पुरस्कार
-उत्तरकाशी की श्वेता बधानी (स्वतंत्री) को सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए
-अल्मोड़ा की पुष्पा फर्त्याल को संस्कृति एवं कला के क्षेत्र में
-बागेश्वर की दया दानू को समाज सेवा
-चमोली की नंदा सती को संगीत
-चंपावत की रितिका बगोली को पर्यावरण संरक्षण एवं शिक्षा
-देहरादून की नीतू रानी को शिक्षा एवं बहादुर
-हरिद्वार की वैशाली शर्मा को समाज सेवा
-नैनीताल की लतिका को खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि
-पौड़ी गढ़वाल की प्रियंका पत थपलियाल को खेल समाज सेवा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में
-पिथौरागढ़ की कलावती देवी को सामाजिक कार्य
-रुद्रप्रयाग की दुर्गा देवी को समाज सेवा
-टिहरी गढ़वाल की सरिता कोठियाल को सामाजिक क्षेत्र
-उधम सिंह नगर की पुष्पा देवी को दिव्यांग खेल
इसके अलावा राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए प्रदेशभर से 220 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का चयन किया गया है। सरकार का कहना है कि इन पुरस्कारों का उद्देश्य महिलाओं के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मान देना और समाज में अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। आठ अगस्त को होने वाला यह सम्मान समारोह उत्तराखंड की महिला शक्ति को समर्पित एक विशेष अवसर होगा।

