भाजपा
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज नई दिल्ली में भाजपा की अहम कोर कमेटी की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और चुनावी अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, विस्तारक योजना को गति देने और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। भाजपा का फोकस प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन को और सक्रिय बनाकर कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता तक पहुंच बढ़ाने पर रहेगा। बैठक में चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने के साथ-साथ उसे जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।
भाजपा पहले ही जनप्रतिनिधि सम्मेलन की तैयारियां शुरू कर चुकी है। प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों के सांसद अपने-अपने क्षेत्रों के विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा प्रदेशभर की सभी 70 विधानसभा सीटों पर युवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि दिल्ली में होने वाली कोर कमेटी की बैठक में चुनावी रणनीति पर बिंदुवार चर्चा होगी। इसके बाद अलग-अलग स्तर पर संगठनात्मक बैठकें आयोजित कर तय की गई रणनीति को धरातल पर उतारा जाएगा। पार्टी का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी तरह सक्रिय करना है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा अब संगठन और चुनावी प्रबंधन दोनों मोर्चों पर पूरी ताकत के साथ जुट गई है। दिल्ली में होने वाली यह बैठक आगामी चुनावी अभियान की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में लिए गए फैसलों के आधार पर आने वाले दिनों में प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी कार्यक्रमों में तेजी देखने को मिल सकती है।

