शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके पति सौरभ खत्री और ननद चारू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर दहेज हत्या और प्रताड़ना के गंभीर आरोप हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने हर्रावाला क्षेत्र से दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
सृष्टि कंडारी मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट की रहने वाली थीं। उनकी शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी, जो उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत है। वहीं सृष्टि सरकारी विद्यालय में प्रवक्ता (शिक्षिका) थीं। शादी के महज आठ महीने बाद 29 जुलाई को उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया।
मृतका की मां सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में दर्ज कराई गई तहरीर में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार के लोग उसे अपशकुनी और मनहूस कहकर अपमानित करते थे तथा घर में होने वाली हर अनहोनी का जिम्मेदार भी उसे ही ठहराया जाता था। शिकायत में पति, सास, ननद और अन्य परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच तेज कर दी है। मृतका की मां के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और पुलिस सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वीडियो और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, सृष्टि के परिजनों का कहना है कि वह अक्सर अपनी मां से अपनी परेशानियां साझा करती थीं, लेकिन परिवार और रिश्ते को बचाने की उम्मीद में उन्होंने कभी खुलकर किसी से शिकायत नहीं की। लगातार मानसिक तनाव और प्रताड़ना ने उन्हें भीतर से तोड़ दिया था।
इस मामले ने पूरे उत्तराखंड में दहेज उत्पीड़न और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है। परिजन निष्पक्ष जांच और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

