देहरादून। कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान देहरादून शहर को ट्रैफिक जाम से बचाने और आम लोगों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। इस बार कांवड़ियों के वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं, ताकि स्कूल, दफ्तर और आपातकालीन सेवाओं पर ट्रैफिक का असर न पड़े।
यातायात पुलिस के अनुसार पांवटा साहिब की ओर से आने वाले कांवड़ वाहनों को धर्मावाला से ही डायवर्ट किया जाएगा। वहीं दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे के रास्ते आने वाले कांवड़ियों के वाहनों को भी शहर की सीमा में प्रवेश से पहले ही यू-टर्न कर वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन का कहना है कि इन दिनों देहरादून में स्कूल खुल चुके हैं और छुट्टी के समय शहर की प्रमुख सड़कों पर भारी ट्रैफिक देखने को मिल रहा है। इसके अलावा लगातार हो रही बारिश से कई सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, जिससे यातायात पहले से ही प्रभावित है। ऐसे में यदि बड़ी संख्या में कांवड़ियों के वाहन शहर में प्रवेश करते हैं तो जाम की स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसी को देखते हुए पहले से व्यापक रणनीति तैयार की गई है।
कांवड़ यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, पुलिस चौकियों, बैरियरों और प्रवेश मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय पुलिस और अन्य संबंधित विभाग संयुक्त रूप से पूरे रूट प्लान की निगरानी करेंगे। हर कांवड़ वाहन को निर्धारित मार्ग का पालन कराया जाएगा ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है। साथ ही स्कूल जाने वाले बच्चों, कार्यालय आने-जाने वाले कर्मचारियों, मरीजों और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही निर्बाध बनी रहे, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर प्रशासन का सहयोग करें।

