राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में नगर निगम कर्मचारी बनकर एक बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर लूटपाट करने वाले दो शातिर बदमाशों को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का सामान, मोबाइल फोन और नकदी शत-प्रतिशत बरामद कर ली है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से वारदात का खुलासा 24 घंटे के भीतर हो गया।
घटना 19 जुलाई की है। गढ़वाली कॉलोनी निवासी गीता काला ने पुलिस को शिकायत दी कि उनकी बुजुर्ग मां भुवनेश्वरी देवी घर में अकेली थीं। इसी दौरान दो युवक खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर घर के अंदर पहुंचे। घर में घुसते ही दोनों ने महिला के साथ मारपीट की, उन्हें बंधक बनाया और सोने के कुंडल, एक अंगूठी, तीन हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रायपुर थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान दोनों आरोपियों की पहचान सागर सिंह रावत और अंकित गुप्ता के रूप में हुई, जिन्हें रायपुर के सीक्यूआई जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पेशे से प्लंबर हैं और नशे के आदी हैं। स्मैक और अन्य नशे की लत पूरी करने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। मुख्य आरोपी सागर सिंह पीड़ित महिला के ही मोहल्ले का रहने वाला है। उसे यह जानकारी थी कि बुजुर्ग महिला अधिकांश समय घर में अकेली रहती हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथी के साथ मिलकर पहले रेकी की और फिर योजनाबद्ध तरीके से लूट को अंजाम दिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के कुंडल, अंगूठी, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी इस सामान को बेचने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दून पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को सरकारी कर्मचारी बताने पर बिना पहचान पत्र की जांच किए घर के अंदर प्रवेश न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

