पांवटा बॉर्डर
पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड आने की कोशिश कर रहे निहंग सिख समुदाय को लेकर पिछले कुछ दिनों से बने तनाव के बीच शुक्रवार को पांवटा साहिब सीमा पर हालात पूरी तरह नियंत्रण में रहे। प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में कड़ी निगरानी बनाए रखी है। वहीं प्रशासन और निहंग समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच सकारात्मक माहौल में बातचीत जारी रहने से समाधान की उम्मीद भी बढ़ी है।
स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल स्वयं पांवटा साहिब सीमा पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा पर किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
सीमा से देहरादून की ओर आने-जाने वाले सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है। साथ ही संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अफवाह या अवांछित गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और हर गतिविधि की निगरानी की जा रही है।
उधर, गुरुद्वारा पांवटा साहिब में प्रशासनिक अधिकारियों और निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच शांतिपूर्ण वातावरण में वार्ता जारी है। दोनों पक्ष बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि संवाद ही किसी भी विवाद का सबसे बेहतर रास्ता है और इसी प्रयास के तहत बातचीत को प्राथमिकता दी जा रही है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आपसी संवाद से स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रहेगी।
वहीं एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि सीमा और जिले के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस की सख्त निगरानी जारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
फिलहाल पांवटा साहिब सीमा पर स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखते हुए शांति बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठा रहा है।

