उत्तराखंड के चारधाम समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकियों के बाद राज्य सरकार, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं। ई-मेल और सोशल मीडिया के माध्यम से मिली धमकियों को गंभीरता से लेते हुए चारधाम यात्रा मार्गों, मंदिर परिसरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
इसी कड़ी में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से दूरभाष पर बातचीत कर सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुझाव भी दिए।
हेमंत द्विवेदी ने बताया कि धमकियों के बाद पुलिस, आईटीबीपी, एसडीआरएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। चारधाम यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। मंदिर परिसरों, पार्किंग क्षेत्रों, यात्रा पड़ावों और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक तकनीकी उपकरणों के माध्यम से चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी एजेंसियां पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही हैं। सुरक्षा बलों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उधर, पुलिस ने धमकी देने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञों और खुफिया एजेंसियों की मदद से धमकी के स्रोत की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां तकनीकी और साइबर पहलुओं की गहन जांच में जुटी हैं।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि इन धमकियों के बावजूद चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो रही है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य बनी हुई है। कहीं भी किसी प्रकार की बाधा या अव्यवस्था की स्थिति नहीं है।
उन्होंने श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि केवल प्रशासन और अधिकृत स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें। राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

