नरेंद्रनगर
टिहरी गढ़वाल की नरेंद्रनगर नगर पालिका परिषद के चुनाव परिणामों में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी ने बढ़त कायम रखते हुए बहुमत हासिल कर लिया है। सात वार्डों में हुए सभासद चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने चार सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को तीन वार्डों में सफलता मिली। इससे पहले अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त होने के बाद निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो चुके थे।
सात वार्डों के लिए हुए मतदान की मतगणना शहीद भगत सिंह नेगी राजकीय इंटर कॉलेज नरेंद्रनगर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा खेमे में उत्साह का माहौल देखने को मिला, जबकि कांग्रेस ने भी तीन सीटें जीतकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
इस चुनाव में सबसे अधिक चर्चा वार्ड नंबर-1 की रही। मतदान के दिन इसी वार्ड में प्रदेश के स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल और उत्तराखंड क्रांति दल की नेता प्रमिला रावत के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। परिणामों में भाजपा समर्थित ममता देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 249 मत हासिल किए। कांग्रेस की रजनी को 90 और यूकेडी की कल्पना रावत को 50 वोट मिले। इस वार्ड में दो मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया।
वार्ड नंबर-2 में कांग्रेस समर्थित आभा पंवार ने भाजपा के प्रकाश रमोला को 11 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। आभा को 148 और प्रकाश को 137 वोट मिले। वहीं वार्ड नंबर-3 में भाजपा के सचिन भंडारी ने कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी अरविंद रावत को हराकर सीट अपने नाम की। सचिन को 211 जबकि अरविंद को 143 मत प्राप्त हुए।
वार्ड नंबर-4 में कांग्रेस के रवि नेगी ने भाजपा प्रत्याशी शैल गुसाईं को पराजित किया। रवि नेगी को 184 और शैल गुसाईं को 159 वोट मिले। वार्ड नंबर-5 में भाजपा की पुष्पा राणा ने 176 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस की रजनी को 59 वोट मिले।
वार्ड नंबर-6 में कांग्रेस समर्थित रेखा ने 103 मतों के साथ जीत हासिल की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पुष्पा राणा को हराया, जो लगातार दो बार इस वार्ड की सभासद रह चुकी थीं। वहीं वार्ड नंबर-7 में भाजपा मंडल अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण लगातार दूसरी बार सभासद चुने गए। उन्हें 169 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी और व्यापार मंडल अध्यक्ष जितेंद्र चांदपुरी को 56 वोट प्राप्त हुए।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी नीरज कुमार के अनुसार सातों वार्डों में कुल आठ मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। चुनाव परिणामों के बाद भाजपा ने नगर पालिका में अपना बहुमत बरकरार रखा है, जबकि कांग्रेस ने भी तीन वार्डों में जीत हासिल कर मजबूत विपक्ष के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।

