PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। बदरीनाथ धाम, नरसिंह मंदिर समेत चारधाम और प्रदेश के अन्य महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों में प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र सेवा के संकल्प के लिए वैदिक विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई गई।
बदरीनाथ धाम में मुख्य धर्माधिकारी स्वयंवर दत्त सेमवाल और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाअभिषेक और विशेष अनुष्ठान कराए। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों और श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना में भाग लिया। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से देश की समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना की गई।
भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षीय कार्यकाल को भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को भी प्रधानमंत्री के विशेष स्नेह और दूरदर्शी नेतृत्व का लाभ मिला है, जिसके चलते राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि प्रदेशभर में विधानसभा स्तर पर विशेष पूजा-अर्चना कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर चारधाम सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इसके लिए जिला और प्रदेश स्तर पर संयोजकों की जिम्मेदारी भी तय की गई थी।
राज्यभर में आयोजित इन कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन, हवन और सामूहिक प्रार्थना के आयोजन भी किए गए। पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण के बीच आयोजित इन कार्यक्रमों ने प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को जनसेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के रूप में याद किया।

