मस्जिद सील
देहरादून। थानो क्षेत्र में मस्जिद सील किए जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मस्जिद पर हुई प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में मुस्लिम सेवा संगठन शुक्रवार को सड़क पर उतर आया और बड़ी संख्या में लोगों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय की ओर कूच किया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
मुस्लिम सेवा संगठन के आह्वान पर समुदाय के लोग एसटीएफ कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि मस्जिद से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद होने के बावजूद उसे सील किया गया है। उनका कहना है कि प्रशासन को इस कार्रवाई पर स्पष्टीकरण देना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।
गौरतलब है कि देहरादून के थानो क्षेत्र स्थित ग्राम कण्डोगल, कुडियाल गांव में बनी जामा मस्जिद और मदरसे के भूतल को कुछ दिन पहले एमडीडीए ने पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में सील कर दिया था। इससे पहले मस्जिद के प्रथम तल को भी दिसंबर माह में सील किया गया था। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान मस्जिद पक्ष की ओर से विरोध भी दर्ज कराया गया था।
दूसरी ओर, काली सेना, बजरंग दल और कुछ स्थानीय संगठनों ने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन किया है। इन संगठनों का आरोप है कि मस्जिद और मदरसे के संबंध में विभिन्न स्तरों पर शिकायतें की गई थीं। उनका दावा है कि संबंधित निर्माण उत्तराखंड वक्फ बोर्ड और मदरसा बोर्ड में पंजीकृत नहीं था, जिसके बाद जांच के आधार पर कार्रवाई की गई।
मस्जिद सील किए जाने के बाद थानो चौक पर काली सेना, बजरंग दल और स्थानीय लोगों द्वारा हवन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। वहीं मुस्लिम सेवा संगठन इस कार्रवाई को गलत बताते हुए इसे वापस लेने की मांग कर रहा है।
फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी जारी है। प्रशासन का कहना है कि कानून और नियमानुसार कार्रवाई की गई है। वहीं विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई और मामले के समाधान पर टिकी हुई हैं।

