देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (ITDA) द्वारा देहरादून में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम IRDT ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जिसमें आईटी और अन्य क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया।
रोजगार मेले का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में रोजगार देने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया तथा युवाओं का उत्साहवर्धन किया गया।
रोजगार मेले में आईडीआईटी-ऐस्कल के प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं, भूतपूर्व सैनिकों के आश्रितों और अन्य युवक-युवतियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी भागीदारी को देखते हुए भविष्य में भी इस तरह के रोजगारोन्मुखी आयोजनों को लगातार आयोजित करने पर जोर दिया गया।
दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड की 21 कंपनियों ने विभिन्न क्षेत्रों में रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया। मेले में कुल 359 युवक-युवतियों ने साक्षात्कार दिया, जिनमें से लगभग 195 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने के साथ प्रदेश से पलायन रोकने में भी सहायक साबित होंगे।

कार्यक्रम का संचालन आईडीआईटी CALC के नोडल अधिकारी द्वारा किया गया। इस मौके पर आईटीडीए के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
