कालाढूंगी। नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। एक ठग ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर मृतक युवक के पिता से रुपये मांगने की कोशिश की। हालांकि समय रहते परिवार सतर्क हो गया और ठगी का शिकार होने से बच गया।
जानकारी के अनुसार कोटाबाग क्षेत्र के थपलियागाजा निवासी धन सिंह के 17 वर्षीय बेटे जगदीश ने छह मई को ऑनलाइन गेमिंग के लिए लिए गए उधार के दबाव में जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में परिवार ने एक युवक के खिलाफ उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
रविवार को जब धन सिंह बयान देने पुलिस चौकी जा रहे थे…तभी उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और मामले की जानकारी लेने लगा। इसके बाद उसने कहा कि आरोपी को जेल भेजने के लिए 15 से 20 हजार रुपये का इंतजाम करना होगा।
ठग ने खुद को चौकी प्रभारी का वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए जल्द पैसे भेजने का दबाव बनाया। शक होने पर धन सिंह ने तुरंत पुलिस चौकी पहुंचकर पूरी जानकारी दी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर पैसे की मांग होने पर तुरंत सतर्क रहें और इसकी सूचना पुलिस को दें।
