देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अल्मोड़ा, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है।
बेरीनाग, चोपता, ऊखीमठ, गोपेश्वर, थलीसैंण, केदारनाथ, कोटद्वार, मुनस्यारी, डीडीहाट और रानीखेत समेत आसपास के इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। खासतौर पर रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार यात्रा मार्ग, ट्रांजिट कैंप और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि यात्रा सुचारु रूप से चलती रहे।