ऋषिकेश: ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे अभियान में एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है, जो लंबे समय से फर्जी पहचान के साथ भारत में रह रहा था।
पुलिस और अभिसूचना इकाई की टीम ने रामझूला रोड पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम सनीउर रहमान उर्फ सत्यसाधू बताया, जो बांग्लादेश के फरीदपुर का रहने वाला है।
जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2016 से बिना वीजा भारत में रह रहा था और उसने फर्जी नाम से आधार कार्ड भी बनवा रखा था। उसके पास से एक्सपायर पासपोर्ट, मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
