देहरादून : देहरादून से बड़ी खबर सामने आई है… जहां उत्तराखंड सरकार फर्जी राशन कार्ड और सरकारी योजनाओं में हो रहे दुरुपयोग पर सख्त हो गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरे प्रदेश में राशन कार्डों के व्यापक सत्यापन और गहन जांच के निर्देश दिए हैं। सरकार का मानना है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए योजनाओं का लाभ उठाकर राज्य को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, फर्जी राशन कार्ड और आधार के जरिए आयुष्मान कार्ड बनवाकर बाहरी राज्यों के लोग भी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ ले रहे थे। इसके अलावा गैस सब्सिडी लेने के मामले भी सामने आए हैं।
पहले चलाए गए अभियान में करीब 70 हजार राशन कार्ड यूनिट्स फर्जी पाए गए थे। अब इस अभियान को दोबारा तेज किया जा रहा है।
प्रदेश में लाखों लोगों को राशन वितरण किया जा रहा है और “वन नेशन वन राशन” योजना के तहत अन्य राज्यों के लोग भी इसका लाभ ले रहे हैं…जिससे निगरानी और जरूरी हो गई है।
सरकार अब राशन कार्ड, आधार, आयुष्मान और गैस कनेक्शन के बीच लिंकिंग की गहन जांच कर रही है, ताकि फर्जीवाड़े पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
प्रमुख सचिव एल. फैनई ने सभी जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि विशेष टीम बनाकर इस अभियान को प्राथमिकता से चलाया जाए।
सरकार का साफ संदेश है कि फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

