पिथौरागढ़ : आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई…जिसमें सभी विभागों को जरूरी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि आदि कैलाश यात्रा के लिए इनर लाइन परमिट की ऑनलाइन प्रक्रिया 28 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। श्रद्धालु पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे…जबकि परमिट जारी करने की जिम्मेदारी उपजिलाधिकारी धारचूला कार्यालय की होगी।
उन्होंने बताया कि जोलिंगकोंग स्थित शिव धाम के कपाट 1 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे…जिसके साथ ही यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा।
जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, दूरसंचार, खाद्यान्न, शौचालय, सुरक्षा और स्वच्छता की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर निर्देश दिए गए कि पिथौरागढ़ और धारचूला के साथ-साथ जिला मुख्यालय में भी प्रतिदिन स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यात्रा मार्ग पर छोटे मेडिकल कैंप और प्रमुख स्थानों पर एएलएस एंबुलेंस तैनात की जाए।
आईटीबीपी के सहयोग से प्रत्येक चेकपोस्ट पर मेडिकल स्टाफ की तैनाती भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
धारचूला से गुंजी और आगे आदि कैलाश मार्ग की स्थिति की समीक्षा करते हुए बीआरओ को निर्देश दिए गए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी सड़कों की कमियां दूर कर ली जाएं।
इसके अलावा टैक्सी, होमस्टे, पार्किंग, पेयजल, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि इस वर्ष की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार अनुभव बने।
