देहरादून : उत्तराखंड में गर्मी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
राजधानी देहरादून समेत आसपास के इलाकों में सुबह से ही चटख धूप खिली रही, जिससे दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दोपहर के समय गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया।
मैदानी क्षेत्रों में हालात और भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। रुड़की, काशीपुर, रुद्रपुर, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे इलाकों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। पंतनगर में सबसे ज्यादा तापमान 39 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक पहुंच गया है, जिससे वहां भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा और मैदानी इलाकों में गर्म हवाएं चलने की संभावना है।
हालांकि गुरुवार से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। पर्वतीय जिलों में आंशिक बादल छाने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है।
तापमान (डिग्री सेल्सियस में):
देहरादून – 37.0 / 20.2
ऊधम सिंह नगर – 39.0 / 15.5
मुक्तेश्वर – 28.1 / 12.4
नई टिहरी – 26.6 / 13.6
फिलहाल लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

