पौड़ी गढ़वाल के कालागढ़ में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रविवार को नई कॉलोनी स्थित राजकीय आवास के बाथरूम में जेई अनिल कुमार का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय अनिल कुमार रामगंगा बांध परियोजना के सैडिल बांध पर तैनात थे। उनका शव राजकीय आवास संख्या ए-68 के बाथरूम में मिला। मृतक के दाहिने हाथ की एक उंगली करंट से झुलसी हुई पाई गई। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बाथरूम में नहाने के दौरान उन्हें बिजली का करंट लगा होगा। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार लाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। सरकारी आवास के बाथरूम में इस तरह शव मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल कालागढ़ पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

