देहरादून (विकासनगर) : सहसपुर थाना क्षेत्र के इंद्राकॉलोनी मेदनीपुर स्थित गुर्जर बस्ती में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 6 कच्चे घर पूरी तरह जलकर राख हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक लाखों का सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
बताया जा रहा है कि घास-फूस और मिट्टी से बने घरों में आग तेजी से फैल गई। स्थानीय लोगों और फायर सर्विस की मदद से आसपास के अन्य घरों को बड़ी मुश्किल से बचाया गया।
पुलिस के अनुसार, आग लगने की वजह रसोई से उठी चिंगारी मानी जा रही है, जिसने सूखे घास-फूस को पकड़ लिया और देखते ही देखते कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय घरों में केवल बच्चे मौजूद थे, जबकि बड़े लोग खेतों में काम करने गए थे।
इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई है, लेकिन पीड़ित परिवारों का सारा घरेलू सामान और करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी जलकर राख हो गई।
आग से प्रभावित परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। प्रशासन द्वारा राहत और सहायता की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।

