बागेश्वर : बागेश्वर जिले में स्थित प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक रूट 15 अप्रैल से पर्यटकों, ट्रेकर्स और पर्वतारोहियों के लिए खोल दिया गया है। यह ट्रेक 15 जून 2026 तक खुला रहेगा, जिसके लिए प्रशासन ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी पीके गौतम के अनुसार ट्रेक मार्ग को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए मार्गदर्शन, ठहराव और आपात सहायता की बेहतर व्यवस्था की गई है…ताकि पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित पिंडारी ग्लेशियर अपनी बर्फीली चोटियों, खूबसूरत बुग्यालों और रोमांचकारी अनुभवों के लिए देश-विदेश में मशहूर है। हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं।
ट्रेकिंग के लिए हिचोड़ी और जैकुनी में पंजीकरण अनिवार्य किया गया है…जहां 24 घंटे वन कर्मियों की तैनाती रहेगी।
साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक कचरे पर सख्ती बरती जाएगी। वन विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि वे साफ-सफाई और प्रकृति संरक्षण के नियमों का पालन करें।