उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब भर्ती परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केंद्र ढूंढने के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग यानी UKPSC ने एक नई डिजिटल व्यवस्था शुरू की है, जिसके तहत एडमिट कार्ड पर दिए गए QR कोड को स्कैन करते ही अभ्यर्थी सीधे अपने परीक्षा केंद्र की लोकेशन तक पहुंच सकेंगे।
यह सुविधा उत्तराखंड लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यानी UKSSSC की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगी। आयोग ने इसके लिए आधुनिक परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम तैयार किया है, जिससे परीक्षा केंद्रों के चयन, संचालन और निगरानी की पूरी प्रक्रिया पहले से अधिक आसान और पारदर्शी हो जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों का एक बार ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद हर परीक्षा के लिए बार-बार पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। सभी परीक्षा केंद्रों का वर्गीकरण उनकी बैठक क्षमता, तकनीकी सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर किया जाएगा। इससे आयोग परीक्षा की आवश्यकता और संवेदनशीलता के अनुसार उपयुक्त केंद्रों का चयन आसानी से कर सकेगा।
इस डिजिटल सिस्टम की एक और बड़ी खासियत यह है कि परीक्षा केंद्रों को सभी जरूरी सूचनाएं स्वतः मिलती रहेंगी। पंजीकरण, परीक्षा संबंधी निर्देश, उपस्थिति और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से सीधे संबंधित केंद्रों तक पहुंचेंगी। वहीं परीक्षा केंद्र ऑनलाइन उपस्थिति भी दर्ज कर सकेंगे, जिससे निगरानी और रिकॉर्ड प्रबंधन पहले से कहीं अधिक प्रभावी होगा।
आयोग के अनुसार, प्रदेशभर में अब तक 200 परीक्षा केंद्र इस पोर्टल पर पंजीकृत किए जा चुके हैं। इनमें देहरादून, नैनीताल, चमोली, पौड़ी, उत्तरकाशी, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार सहित सभी जिलों के परीक्षा केंद्र शामिल हैं और आगे इस संख्या में और बढ़ोतरी की जाएगी।
राज्य लोक सेवा आयोग का कहना है कि इस डिजिटल पहल से कागजी कार्रवाई में कमी आएगी, परीक्षा केंद्रों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होगा और पूरी परीक्षा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, समयबद्ध तथा प्रभावी बनेगी। नई व्यवस्था न केवल अभ्यर्थियों के समय और परेशानी को कम करेगी, बल्कि भर्ती परीक्षाओं के संचालन को भी तकनीक के जरिए अधिक सुव्यवस्थित और भरोसेमंद बनाएगी।

