टिहरी : उत्तराखंड के टिहरी जिले में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना चंबा क्षेत्र के चंबा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर नैल के पास एक यूटिलिटी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 10 लोग सवार थे।
अब तक दो लोगों को खाई से बाहर निकाला गया है, जिनमें एक व्यक्ति को हल्की चोटें आई हैं। घायल की पहचान उत्तम कुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार, मौके पर राहत कार्य के लिए टिहरी और छाम से एंबुलेंस भेजी गई हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई।
फिलहाल बचाव कार्य जारी है और अन्य सवारों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

