देहरादून में चलती स्कॉर्पियो से स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक युवक चलती स्कॉर्पियो के सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करता नजर आया। वीडियो सामने आने के बाद देहरादून पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और वाहन की पहचान कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो में युवक न सिर्फ चलती गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकलकर हुड़दंग करता दिखाई दे रहा था बल्कि वाहन को तेज और लापरवाही से चलाते हुए भी देखा गया। सार्वजनिक सड़क पर इस तरह का स्टंट न सिर्फ युवक की जान के लिए खतरनाक था बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता था।
वीडियो की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह मामला क्लेमेनटाउन क्षेत्र के सुभाष रोड का है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस ने चालक की पहचान की।
इसके बाद पुलिस ने 24 वर्षीय उत्कर्ष पुत्र राकेश करनवाल को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। वह देहरादून के जीएमएस रोड स्थित आईटीबीपी रोड क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस ने युवक के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
स्टंट में इस्तेमाल स्कॉर्पियो एन को भी पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग पर यातायात नियमों की अनदेखी कर स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस की कार्रवाई के बाद यह मामला एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए खतरनाक स्टंट करने वाले युवाओं को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और अपनी या दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले किसी भी तरह के स्टंट से बचें।
सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए किए जाने वाले ऐसे स्टंट कुछ सेकंड का रोमांच तो दे सकते हैं लेकिन जरा सी चूक गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। देहरादून पुलिस की इस कार्रवाई को इसी तरह के लापरवाह वाहन संचालन के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

