SSB जवान की दर्दनाक मौत!
पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां छुट्टी पर घर आए एसएसबी जवान की बाइक दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, गंगोलीहाट के चौड़ाधुरौली क्षेत्र के स्यूंतोला तोक निवासी 27 वर्षीय हिमांशु कुमार सशस्त्र सीमा बल यानी एसएसबी की 11वीं बटालियन में तैनात थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग धारचूला में थी। वह कुछ दिनों की छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। शनिवार को वह किसी काम से पिथौरागढ़ गए थे और देर शाम बाइक से वापस गांव लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि दूनी के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने पैरापिट से जोरदार टक्कर के बाद हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि हिमांशु लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायल जवान को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया।
इसके बाद परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट होने की वजह से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही जवान ने दम तोड़ दिया।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जवान का शव परिजनों को सौंप दिया गया। हिमांशु कुमार की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
उधर प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। परिवहन विभाग ओवर स्पीडिंग रोकने और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चला रहा है। बावजूद इसके सड़क दुर्घटनाओं में लगातार लोगों की जान जा रही है।

