चमोली
उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदानगर विकासखंड के रामणी गांव में मंगलवार सुबह एक किशोर और किशोरी के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और राजकीय इंटर कॉलेज बूरा में पढ़ाई कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण छानी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर गांव के पास स्थित मेला मैदान के रामलीला मंच के पीछे रेलिंग से लटके दोनों शवों पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल ग्राम प्रधान और नजदीकी दुकान के संचालक को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी जब दोनों किशोर-किशोरी के परिजनों को मिली तो उनके घरों में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि मृत किशोर कक्षा 12 और किशोरी कक्षा 11 में पढ़ती थी। दोनों की उम्र क्रमशः करीब 17 और 16 वर्ष बताई गई है।
ग्राम प्रधान कुंवर लाल के अनुसार, सूचना मिलने के बाद नंदानगर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ दोनों शवों का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की।
नंदानगर थाने के एसआई मनोज भट्ट के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि अभी तक किसी भी संभावित कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियों और कारणों को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी। पुलिस की ओर से अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

