मसूरी
देहरादून–मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का शव गहरी खाई में मिलने से हड़कंप मच गया। सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी मिली, जबकि करीब 200 मीटर नीचे नदी के समीप व्यक्ति का शव पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
एसएसआई सतेंद्र भाटी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पानीवाला बैंड के निकट सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी है और नीचे खाई में एक व्यक्ति पड़ा हुआ है। सूचना पर कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, अजय कुमार मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापारी थे। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
शव गहरी खाई में होने के कारण पुलिस ने एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को बुलाया। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद शव को करीब 200 मीटर नीचे खाई से बाहर निकाला गया। मौके पर फील्ड यूनिट और एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही।
पुलिस को सड़क पर खड़ी कार के अंदर से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। हालांकि, घटना किस परिस्थिति में हुई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि शव को खाई से बाहर निकालने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

