रुद्रपुर: रुद्रपुर से दिल्ली जा रही संपर्क क्रांति ट्रेन में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। उधम सिंह नगर के रुद्रपुर से दो कर्मचारी दिल्ली ऑटोमोबाइल सामान खरीदने के लिए ट्रेन से रवाना हुए थे तभी रास्ते में बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया।
जानकारी के मुताबिक जपनीत ऑटो में कार्यरत रितिक मंडल और साहिब सिंह अपने साथ करीब 7 लाख रुपये नकद लेकर जा रहे थे। उन्होंने रकम को बेल्ट में बांधकर सुरक्षित रखा था, लेकिन बदमाशों को इसकी भनक लग गई। बताया जा रहा है कि तीन संदिग्ध युवक पहले से ही ट्रेन में सवार थे और दोनों कर्मचारियों पर नजर रखे हुए थे।
जैसे ही ट्रेन उत्तर प्रदेश के बिलासपुर स्टेशन के पास धीमी हुई…बदमाशों ने अचानक दोनों को घेर लिया। हथियार दिखाकर उन्हें धमकाया और 7 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और पुलिस सक्रिय हो गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
व्यापारियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।