उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू का संक्रमण एक बार फिर तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे के भीतर स्वाइन फ्लू के 31 नए मामले सामने आए हैं। नए मामलों के सामने आने के बाद राज्य में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 484 हो गई है। इनमें से 84 मरीज अभी सक्रिय हैं और अलग-अलग अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक नए मिले 31 मामलों में अकेले 23 मरीज देहरादून जिले से हैं। देहरादून में लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जांच व्यवस्था को भी तेज कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पॉन्स टीमें अलग-अलग जिलों में सक्रिय हैं और संक्रमण की स्थिति पर नजर रख रही हैं। देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के अनुसार विभाग का मुख्य फोकस स्वाइन फ्लू की संक्रमण की चेन को तोड़ना है।
जिन इलाकों से मरीज सामने आ रहे हैं वहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंचकर मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री की जानकारी जुटा रही हैं। इसके साथ ही मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग भी की जा रही है, ताकि संक्रमण को आगे फैलने से रोका जा सके।
स्वाइन फ्लू के साथ ही प्रदेश में कोरोना और डेंगू के मामले भी सामने आ रहे हैं। देहरादून में रविवार को कोरोना के दो नए मामले मिले हैं। इसके बाद जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 51 पहुंच गई है, जिनमें चार मरीज अभी सक्रिय हैं।
वहीं डेंगू के भी दो नए मामले सामने आए हैं। जिले में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 162 हो गई है, जबकि 22 मरीज अभी सक्रिय हैं और अस्पतालों में उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने बताया कि प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है और कोरोना तथा डेंगू की स्थिति पर भी लगातार निगरानी की जा रही है।

