बदरीनाथ धाम
चारधाम यात्रा के बीच बदरीनाथ धाम में सुरक्षा और धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने का मामला सामने आया है। चमोली पुलिस ने मंदिर के गर्भगृह क्षेत्र में स्पाई कैमरे से अवैध रूप से वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग कर रहे एक यात्री को पकड़ लिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसके पास मौजूद सभी वीडियो और तस्वीरें डिलीट कराईं और चालानी कार्रवाई की।
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान जयप्रकाश पांडे, निवासी मुंबई के रूप में हुई। बताया गया कि वह मंदिर के प्रतिबंधित गर्भगृह क्षेत्र में स्पाई कैमरे के माध्यम से रिकॉर्डिंग कर रहा था। मंदिर प्रशासन के नियमों के अनुसार इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसे सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक मर्यादाओं का गंभीर उल्लंघन माना गया।
मामले की जानकारी मिलते ही चमोली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्पाई कैमरा जब्त किया और उसमें रिकॉर्ड किए गए सभी फोटो और वीडियो तत्काल डिलीट कराए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई भी की।
पुलिस का कहना है कि बदरीनाथ धाम की सुरक्षा, गोपनीयता और धार्मिक परंपराओं को बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है तथा मंदिर परिसर में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
चमोली पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विशेष रूप से गर्भगृह और अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की फोटो या वीडियो रिकॉर्डिंग न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

