देहरादून में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। एक्सप्रेस-वे पर अचानक बेकाबू हुए एक ट्रक ने सड़क निर्माण कार्य में जुटे मजदूर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक ट्रक देहरादून की ओर आ रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और एक्सप्रेस-वे के पैराफिट से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया और वहां काम कर रहे मजदूर के ऊपर जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि मजदूर को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह ट्रक के अचानक ब्रेक फेल होना बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में तकनीकी खराबी किस वजह से आई और हादसे के समय वाहन की स्थिति क्या थी। एक्सप्रेस-वे पर हुए इस हादसे ने सड़क निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

