बाबा केदार
केदारनाथ धाम की यात्रा पर एक बार फिर मौसम की मार पड़ती नजर आ रही है। लगातार हो रही बारिश, आंधी-तूफान और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया।
पिछले कई दिनों से केदारनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में मौसम लगातार खराब बना हुआ है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन और मार्ग बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा को फिलहाल रोकने का निर्णय लिया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों को सोनप्रयाग, गौरीकुंड और अन्य निकटवर्ती होल्डिंग क्षेत्रों में सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। मौसम सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और अन्य राहत एवं बचाव एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए यात्रा मार्गों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मौसम अनुकूल होने तक यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मौसम साफ होते ही यात्रा को फिर से सुचारू रूप से शुरू किया जाएगा। फिलहाल बाबा केदार के दर्शन की राह में मौसम सबसे बड़ी चुनौती बन गया है और हजारों श्रद्धालु सुरक्षित स्थानों पर रुककर हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।

