पौड़ी के एकेश्वर ब्लॉक में गुलदार का आतंक
पौड़ी के एकेश्वर ब्लॉक के धूर, गणेशपुर, मलेथा और खतिगांव में गुलदार की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत। बच्चों के पीछे दौड़ने और मवेशियों पर हमले के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की।
पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं। अब चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के एकेश्वर ब्लॉक के कई गांवों में गुलदार की सक्रियता ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। धूर, गणेशपुर, मलेथा, खतिगांव समेत आसपास के गांवों में गुलदार की लगातार आवाजाही से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को अपने बच्चों को स्कूल भेजने और मवेशियों को जंगल या खेतों में चराने तक में डर सताने लगा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से गुलदार आबादी के आसपास लगातार दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गुलदार ने बच्चों के पीछे दौड़ने की कोशिश की, जिसके बाद बच्चे किसी तरह शोर मचाते हुए सुरक्षित घर पहुंचे। इसके बाद भी गुलदार की गतिविधियां कम नहीं हुईं। इसी दौरान एक खेत में गुलदार ने बछिया पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह मवेशी को बचाया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गुलदार की सूचना देने के लिए कई बार वन विभाग के अधिकारियों और संबंधित रेंज कार्यालय से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समय पर फोन नहीं उठाए जाने और प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को ऐसी घटनाओं पर तत्काल संज्ञान लेना चाहिए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।
मामले को लेकर स्थानीय निवासी एवं जिला सहकारी बैंक के पूर्व निदेशक नरेंद्र नेगी ने भी चिंता जताई है। उन्होंने डीएफओ गढ़वाल से फोन पर वार्ता कर प्रभावित गांवों में वन विभाग की गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल पिंजरा लगाने की मांग की। नरेंद्र नेगी ने बताया कि धूर, मलेथा, गणेशपुर, खतिगांव, पातल और आसपास के क्षेत्रों में गुलदार की सक्रियता से लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बच्चों की स्कूल आवाजाही प्रभावित हो रही है और ग्रामीणों को खेती-बाड़ी तथा पशुओं की देखभाल में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने वन विभाग से मांग की कि गुलदार की गतिविधियों वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां पिंजरे लगाए जाएं और वनकर्मियों की नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए। साथ ही, ग्रामीणों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था होनी चाहिए।
वहीं, एसडीएम सतपुली रेखा आर्य ने मामले में प्रशासन की ओर से कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि धूर गांव में बछड़े पर गुलदार के हमले की सूचना मिलने के बाद डीएफओ को अवगत कराया गया है। इसके साथ ही एकेश्वर के खंड शिक्षा अधिकारी को आसपास के विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। गुलदार की सक्रियता को देखते हुए अगले दिन विद्यालयों में अवकाश घोषित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। आवश्यकता पड़ने पर आगे भी उचित निर्णय लिया जाएगा।
एसडीएम ने वन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारियों और कर्मचारियों को ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश देने की बात कही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सुबह और शाम के समय विशेष सतर्कता बरतें, छोटे बच्चों को अकेले घर से बाहर न जाने दें और सुनसान रास्तों या जंगल के आसपास अकेले जाने से बचें। घास और चारा लेने जंगल जाने वाले ग्रामीणों को समूह में जाने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि चौबट्टाखाल क्षेत्र में इससे पहले भी गुलदार के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले सप्ताह इड़ा गांव में एक महिला पर गुलदार के हमले की घटना ने पूरे क्षेत्र को चिंता में डाल दिया था। ऐसे में एकेश्वर ब्लॉक के गांवों में गुलदार की बढ़ती सक्रियता ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।
फिलहाल ग्रामीणों को वन विभाग की प्रभावी कार्रवाई का इंतजार है। अब देखना होगा कि वन विभाग प्रभावित गांवों में कब तक पिंजरे लगाता है और गुलदार की आवाजाही पर अंकुश लगाने के लिए क्या कदम उठाता है। ग्रामीणों की मांग है कि किसी बड़ी जनहानि से पहले ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि लोग भयमुक्त होकर अपने दैनिक कार्य कर सकें और बच्चों की पढ़ाई भी सामान्य रूप से जारी रह सके।
