केदारनाथ : ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। सुबह 8 बजे शुभ मुहूर्त में जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के जयकारों से गूंज उठा।
इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami भी मौजूद रहे और उन्होंने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। परंपरा के अनुसार पहली पूजा देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi के नाम से अर्पित की गई।
कपाट खुलने के इस दिव्य क्षण में हजारों श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों और जयकारों के बीच पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम आस्था का केंद्र होने के साथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने और देवभूमि की पवित्रता को कायम रखने की अपील भी की।
इस मौके पर केदारनाथ मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे पूरा धाम फूलों से सराबोर हो गया और श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।
इससे पहले बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल उखीमठ से विभिन्न पड़ावों से होते हुए धाम पहुंची थी।
कपाट खुलने के साथ ही अब अगले छह महीनों तक बाबा केदारनाथ के दर्शन जारी रहेंगे और देश-विदेश से श्रद्धालुओं का आगमन लगातार बढ़ने की उम्मीद है।

